Mandi, Dharamveer –सरदार पटेल यूनिवर्सिटी (एसपीयू) अपनी स्थापना के तीन वर्षों बाद पहली बार इंटर कॉलेज खेल एवं युवा गतिविधियों का आयोजन कर रही है। यह आयोजन 25 सितम्बर से शुरू हो चुका है और 22 नवम्बर तक चलेगा। अब तक यह वार्षिक प्रतियोगिताएं केवल हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के माध्यम से ही आयोजित होती थीं, लेकिन इस बार एसपीयू ने इसे अपने स्तर पर संपन्न करने का निर्णय लिया है।
कुलपति प्रोफेसर ललित अवस्थी ने बताया कि इस वर्ष घोषित खेल कैलेंडर के तहत प्रदेश के सभी सरकारी और निजी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल सहित 21 खेलों को शामिल किया गया है।छात्र-छात्राओं में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खिलाड़ी कशिश शर्मा और समीर चौहान ने कहा कि एसपीयू द्वारा पहली बार अपने स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित करने से खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिलेंगे और इंटर यूनिवर्सिटी स्तर पर दोनों विश्वविद्यालय अलग-अलग टीमों के रूप में भाग ले पाएंगे।
25 सितम्बर को एथलेटिक्स चैंपियनशिप गायत्री कॉलेज ऑफ एजुकेशन में आयोजित की जा चुकी है। वहीं, क्रिकेट के लिए टीमों को 10 अक्तूबर तक अपनी प्रविष्टि भेजनी होगी।खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ यूनिवर्सिटी ने सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी अलग कैलेंडर जारी किया है। इन्हें चार समूहों में बांटा गया है—
- ग्रुप 2: 29 से 31 अक्तूबर (गायत्री कॉलेज ऑफ एजुकेशन)
- ग्रुप 1 व 3: 13 से 15 नवम्बर (जीसी कुल्लू)
- ग्रुप 4: 20 से 22 नवम्बर (एसपीयू मंडी)
यह पहला मौका है जब सरदार पटेल यूनिवर्सिटी अपने स्तर पर प्रदेशभर के विद्यार्थियों को खेल और संस्कृति का साझा मंच उपलब्ध करा रही है।
