Kangra, Vikas-:अंतर्राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद शर्मा ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर प्रदेश सरकार द्वारा चिट्टे और नशे के खिलाफ शुरू किए गए अभियान का स्वागत किया। उन्होंने इसे समाज के लिए एक निर्णायक और सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि नशा आज युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है, ऐसे में सरकार की यह पहल समय की मांग है।
विनोद शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नशे के कारोबार पर सख्ती और जागरूकता अभियान से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। इससे न सिर्फ नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगेगी, बल्कि युवाओं को भी नशे से दूर रहने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है, इसलिए इसके खिलाफ सामूहिक लड़ाई जरूरी है।उन्होंने यह भी कहा कि अंतर्राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। संगठन द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठी और अभियान चलाए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा सके।
विनोद शर्मा ने आम जनता, सामाजिक संगठनों और अभिभावकों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक समाज खुद नशे के खिलाफ खड़ा नहीं होगा, तब तक इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार से यह भी आग्रह किया कि नशे के सौदागरों पर कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ नशा पीड़ितों के पुनर्वास और इलाज की व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य जरूर हासिल होगा।
