बिलासपुर: सुभाष ठाकुर- इंटक ने केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। इंटक ने चेताया है कि यदि केंद्र सरकार ने अपनी मनमानी बंद नहीं की तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। रविवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला बिलासपुर इंटक के अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर की अगवाई में लक्ष्मीनारायण मंदिर में सत्याग्रह शुरू किया गया। जिसमें इंटक के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इंटक के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि गैर कानूनी तरीके से राहुल गांधी को फंसाया गया है। विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा ऐसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि जो भी केंद्र सरकार के विरुद्ध आवाज उठाता है, उसके पीछे ईडी का दबाव बनाकर उसे डराया धमकाया जा रहा है। जिसे सहन नहीं किया जाएगा। जिसके चलते मौन सत्याग्रह रखा गया। इस दौरान महिला विंग की जिला प्रधान निर्मला राजपूत के अलावा अन्य इंटक कार्यकर्ता मौजूद थे।
