सोलन : योगेश शर्मा – हिमाचल प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। जिसमें लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ रही है । ताजा मामला जिला सोलन के अर्की क्षेत्र का है, जहां पर अर्की के पोघाटी के पास बस को ओवरटेक करते समय एक बाइक स्किड हो गई। जिसके चलते बाइक चालक की बस के टायर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अर्की अस्पताल भेज दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी दाड़लाघाट संदीप शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अर्की अस्पताल लाया गया है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है। जानकारी के अनुसार एचआरटीसी बस नंबर HP69A1482 जामली से शिमला जा रही थी। इस दौरान बाइक नंबर HP14C0899 पर सवार दो युवक पोघाटी की ओर जा रहे थे। बस को ओवरटेक करते समय बाइक स्किड होकर नीचे गिर गई। इस दौरान बाइक चालक बस के पिछले टायर के नीचे आ गया। जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वही बाइक पर सवार एक अन्य युवक दूसरी ओर गिर गया। मृतक बाइक चालक की पहचान नीरज कुमार (24) पुत्र रमेश वर्मा निवासी गांव साईं डाकघर बलेरा तहसील अर्की के रूप में हुई है। जबकि घायल की पहचान अरुण कुमार पुत्र कृष्णलाल के रूप में हुई है। वह भी उसी गांव का है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी मंदिर जा रहे थे। फिलहाल घायल युवक की हालत ठीक बताई जा रही है।
