राहुल चावला, कांगड़ा : प्रदेश के एकमात्र बड़े एयरपोर्ट गग्गल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर कांग्रेस में रहते हुए पवन काजल ने जो विरोध दर्शाया था अब उनके पार्टी बदल कर भाजपा में आने के बाद भी वह विरोध जारी है। इस एयरपोर्ट को लेकर विधायक पवन काजल ने अपना मत एक बार फिर से स्पष्ट कर दिया है और कह दिया है कि जब तक वह कांगड़ा में हैं हमेशा गग्गल एयरपोर्ट के विस्तार का विरोध करते रहेंगे चाहे दल कोई भी क्यों न हो।
कांगड़ा से सदर विधायक पवन काजल ने प्रदेश के एकमात्र बड़े एयरपोर्ट गग्गल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर फिर से सवाल खड़े करते हुए कहा है कि मेरा विरोध विकास से नहीं बल्कि यहां सालों से स्थापित कई तरह के कारोबारियों के उजड़ने का है। यहां जो परिवार बार-बार विस्थापित होकर बसे है उनके फिर से उजड़ने का है, इसलिये मैं कांग्रेस में था तो भी विरोध करता था और आज भाजपा में हूं तो भी विरोध जारी है।
काजल ने कहा कि उनकी ओर से लगातार सुझाव दिया जा रहा है कि गग्गल एयरपोर्ट को फ्लाइंग स्कूल में तब्दील करके बौड़ कुआलू में सैकड़ों एकड़ बंजर ज़मीन पर एयरपोर्ट बनाया जाए। वहां न तो किसी का कारोबार उजड़ेगा और न ही किसी की रिहायश को नुकसान होगा और हां उसका जनता को लाभ ही लाभ होगा। एक तो चंगर क्षेत्र की लॉटरी लग जाएगी और दूसरा सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलेगा और तीसरा जिस पर्यटन को बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा वो दोनों लिहाज़ से बढ़ेगा। एक गग्गल में फ़्लाइंग स्कूल के तौर पर यहां देशभर से आने वाले नए पायलटों को सीखने से और दूसरा चंगर में बढ़ने वाली वीआईपी ओर वीवीआईपी मूवमेंट से, तो फिर क्यों बसे बसाए घरों और कारोबार को उजाड़ कर सिर्फ इसी एयरपोर्ट को विस्तृत किया जाए।
