नाहन/ देवेन्द्र कुमार: ध्वनि प्रदूषण बढाने वालो पर पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत नियमो की अवेहलना करने पर मोटर साइकिलों के चालान जब्त किए गए हैं और ऐसे सभी मोटर साइकिल के साइलेंसर निकालकर कार्यवाही की गई। दरअसल पुलिस अधीक्षक जिला सिरमौर के संज्ञान में आया है कि नाहन शहर में कुछ व्यक्तियों द्वारा अपने-अपने मोटरसाइकिल (मुख्यता Bullet मोटर साईकिल) के साइलेंसर को बदलवाकर उसमें साधारण साइलेंसर की जगह तेज ध्वनि उत्पन्न करने वाले साइलेंसर फिट किए हुए हैं। जिस कारण शहर में ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है।
इस ध्वनि प्रदूषण के कारण शहर के बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को भी बहुत परेशानी झेलनी पड़ रही है । इस सम्बंध में पुलिस अधीक्षक जिला सिरमौर ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रभारी पुलिस थाना नाहन को निर्देश दिए कि ऐसे उलंघनकर्ताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाएं । जिस पर एक विशेष अभियान शुरू किया गया। इसी कड़ी में पुलिस थाना सदर नाहन के प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश पाल व प्रभारी यातयात नाहन एएसआई राम लाल ने ध्वनि प्रदूषण से संबंधित मोटर वाहन अधीनियम की धारा 190(2) के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए 15 मोटर साइकिलों के चालान कर जब्त किए गए हैं।
गौरतलब है कि मोटर वाहन अधीनियम की उक्त धारा की उलंघना के लिए 5000₹ से 7500₹ तक के जुर्माने का प्रावधान है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यवाही जारी रहेगी और नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
