नाहन-: लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई के अध्यक्ष एवं युवा उद्योगपति अखिल महेश्वरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान से अलग-अलग मुलाकात कर कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
राज्यपाल कविंदर गुप्ता से हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं। साथ ही कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, उद्योगों के समक्ष आने वाली चुनौतियों और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास की जरूरत से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र का दौरा करने का आमंत्रण भी दिया, ताकि वे मौके पर पहुंचकर वास्तविक परिस्थितियों का अवलोकन कर सकें।राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वह जल्द ही कालाअंब का दौरा करने का प्रयास करेंगे तथा उद्योगों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। प्रतिनिधिमंडल ने उनके सहज, सरल और सकारात्मक व्यवहार की सराहना करते हुए मुलाकात को प्रेरणादायक बताया।इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान से भेंट कर कालाअंब–त्रिलोकपुर रोड और ईएसआई अस्पताल रोड की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि खराब सड़कों के कारण उद्योगों के संचालन, माल परिवहन, कर्मचारियों की आवाजाही और स्थानीय लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।उद्योग मंत्री ने दोनों सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधाओं में सुधार से औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नया आयाम प्राप्त होगा।प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार के सहयोग से लंबे समय से लंबित ये महत्वपूर्ण कार्य शीघ्र शुरू होंगे, जिससे उद्योगों के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और आमजन को भी सीधा लाभ मिलेगा।
