शिमला-:आईटीआई चौड़ा मैदान में आयोजित 34वीं राज्य स्तरीय राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) महिला खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को रंगारंग समापन हुआ। समापन समारोह में उपायुक्त अनुपम कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता तथा उपविजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ शपथ दिलाते हुए नशामुक्त हिमाचल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने छात्राओं को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें मेहनत और समर्पण के साथ हासिल करने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने चिट्टा तस्करी की सूचना देने वालों के लिए 10 हजार से 10 लाख रुपये तक की इनाम योजना लागू की है और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जिलों से 408 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल और कबड्डी में जिला सोलन विजेता रहा, जबकि खो-खो में जिला शिमला ने पहला स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में जिला कांगड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में एकल गायन और स्किट में जिला शिमला ने बाजी मारी। समूह गायन में जिला बिलासपुर तथा लोक नृत्य में जिला चंबा विजेता रहे। मार्च पास्ट प्रतियोगिता में भी जिला शिमला ने पहला स्थान हासिल किया।
समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ओवरऑल स्पोर्ट्स ट्रॉफी जिला सोलन के नाम रही, जबकि ओवरऑल कल्चरल ट्रॉफी जिला शिमला ने अपने नाम की। समारोह में मुख्य अतिथि को शॉल, हिमाचली टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य विवेक मेहता, प्रधानाचार्य कार्तिक ठाकुर सहित विभिन्न जिलों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।
