सोलन-: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने रविवार को सोलन जिले के कण्डाघाट भाजपा मंडल के सकोड़ बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ सुना। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।इस अवसर पर मधु बिंदल, जिला उपाध्यक्ष धर्म सिंह, मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष योगेंद्र, ग्राम पंचायत प्रधान गीता देवी, पूर्व मंडल अध्यक्ष लोकेश्वर शर्मा, मंडल सचिव मीना शर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ आज केवल एक रेडियो कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह समाज को प्रेरित करने और सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ाने वाला प्रभावी जनमंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे नवाचार, सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की उपलब्धियां तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों को व्यापक पहचान मिलती है।
