शिमला:संजु चौधरी (TSN)- हिमाचल में आई आपदा के दौरान अपनी जान जोखिम में डाल कर लोगो की जान बचाने वाले पुलिस जवानों और इस दौरान लोगों तक खबरें पहुंचाने वाले मीडिया कर्मियों को जय हिंद फाउंडेशन ने सम्मानित किया। रविवार को शिमला के गेयटी थियेटर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया जहां हिमाचल के पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान यूनाइटेड साइकिल पार्ट्स प्रधान हरसिमरन लक्की, अध्यक्ष चरनजीत सिंह, जर्नलिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट के महासचिव तपिन मल्होत्रा, यूनाइटेड प्रेस क्लब के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
सम्मान समारोह के दौरान आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया,जिसके बाद हार्मोनी ऑफ द पाइनस की ओर से देश भक्ति गानों पर प्रस्तुति दी गई, जिसके बाद डीजीपी संजय कुंडू ने आपदा के दौरान अपनी जान जोखिम में डाल कर लोगों की जाने बचाने वाले पुलिस एसडीआरफ के जवानों को शॉल टोपी ओर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मनित किया गया। ये वो जवान है जिन्होंने कुल्लू, मंडी, शिमला, लाहौल स्पिति में फंसे लोगों को बचाने के लिए कार्य किया है। इसमें एसपी रैंक से लेकर कॉन्स्टेबल के 55 जवान शामिल रहे। वहीं इसके अलावा शिमला, कुल्लू, सिरमौर, सोलन हमीरपुर के मीडिया कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आपदा के वक्त पुलिस और मीडिया कर्मियों ने किया सराहनीय काम -अर्शदीप समर
जय हिंद फाउंडेशन के अध्यक्ष अर्शदीप समर ने कहा कि आपदा का वक्त बेहद मुश्किलों भरा रहा। इस मुश्किल दौर में भी पुलिस और मीडिया के लोगों ने अपनी जान हथेली में रखकर लोगों तक खबरें पहुंचाने का काम किया। इससे न केवल आपदा में आए संकट को कम करने में मदद मिली, बल्कि कई लोगों की जान भी बचाई जा सकी। उन्होंने बताया कि आपदा के दौरान पुलिस एसडीआरफ के जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना काम किया हैं, जिसको देखते हुए जयहिन्द फाउंडेशन ने ऐसे महान योद्धाओं को सम्मान देने के लिए गेयटी थिएटर में सम्मान समारोह का आयोजन किया और ऐसे जवानों का हौसला अफजाई करने का प्रयास किया गया है।
लोगों की जान बचाने के लिए किया दिन रात एक -मोहित प्रेम शर्मा
जय हिंद फाउंडेशन और जर्नलिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष मोहित प्रेम शर्मा ने कहा कि जय हिंद फाउंडेशन हमेशा से ही राष्ट्रीय हित के लिए कार्य करती आ रही है। फाउंडेशन का इस से पूर्व कई राज्यों में कार्यक्रम हो चुके हैं जिसमें सेवा के वीर जवान पुलिस पत्रकारों सामाजिक संस्थाओं और स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को सम्मानित कर उनका हौंसला बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि जर्नलिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट और जय हिंद फाऊंडेशन आने वाले दिनों में दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी योद्धा सम्मान समारोह आयोजित करेंगे जिसमें अपने-अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों पुलिस अधिकारियों पत्रकारों सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों सहित खास लोगों को सम्मानित कर उनका हौंसला बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के हर जिले में भी जय हिंद फाउंडेशन और जनरलिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट एक साथ समाज समाज के हर वर्ग के लिए खास कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
मोहित प्रेम शर्मा ने कहा कि आपदा के दौरान तबाही के उस मंजर को कोई भी याद नहीं करना चाहेगा की ऐसी विपरीत परिस्थिति में भी एसडीआरएफ पुलिस और सामाजिक संस्थाएं उन जगहों पर डटी हुई थी जहां हर तरफ खतरा ही खतरा था।बावजूद इसके जवानों के हौसले बुलंद थे और लोगों की जान बचाने के लिए दिन रात एक किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू के निर्देश के अनुसार पुलिस मुख्यालय में मॉनिटरिंग कक्ष बनाया गया था जिसमें जवानों द्वारा किए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन को बारीकी से मॉनिटर किया जा रहा था और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जवानों की भी तैनाती की जा रही थी। मोहित प्रेम शर्मा ने कहा कि ऐसी स्थिति फिर कभी भी सामने नहीं आनी चाहिए।
