बिलासपुर : सुभाष ठाकुर (TSN)- महाराष्ट्र का एक युवक एकनाथ समाज को इको फ्रेंडली बनाने की कोशिश करने और नशे से दूर रहने का संदेश लेकर पिछले तीन माह से साइकिल यात्रा पर है ।कन्याकुमारी से कश्मीर तक चलने वाली इस यात्रा में एकनाथ सेव एन्वायरमेंट फॉर फ्रूचर जनरेशन का संदेश लेकर लोगों को जागरूक कर रहा है।
पिछले 11 दिनों से एकनाथ हिमाचल प्रदेश में है। सोलन और शिमला से होते हुए बिलासपुर पहुंचे एकनाथ ने बताया कि उसकी यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक की है। जिसे उसने 13 अगस्त को शुरू किया था। उसका कहना है कि आज हम भाग दौड़ वाली जिंदगी और आधुनिकता के चलते प्रकृति के साथ रहने का सही कल्चर भूल गए हैं। हमें प्रकृति के साथ कैसे रहना है, इसका अब हमें पता ही नहीं है। इस यात्रा के माध्यम से जहां वह लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। वहीं, यह जानने की कोशिश भी कर रहे हैं कि जीवन में इको फ्रेंडली कैसे बना जा सकता है। वहीं, आज के समय में हम नशा करके अपने शरीर को खराब कर रहे हैं। जबकि, अपने दोपहिया या चार पहिया वाहन की हम कितनी केयर करते हैं कि वह खराब न हो। हमारा शरीर भी एक मिशनरी है,जो बहुत कीमती है, लेकिन हम इसे नशे के चलते खराब कर रहे हैं। शरीर को स्वस्थ और हेल्दी रखने के लिए अच्छा खाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि हिमाचल में जितने बड़े पहाड़ हैं, उतना ही बड़ा यहां के लोगों का दिल है। उन्हें हिमाचल आए हुए 11 दिन हो गए हैं। इन दिनों में न तो रहने का कोई खर्चा लगा है और न ही खाने का। हर जगह लोगों ने उनकी मदद की है।
