Shimla, Sanju –भारत-पाक युद्ध के बाद देशभर में राष्ट्रभक्ति की भावना चरम पर है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी 30 मई को शिमला के पीटरहॉफ में एक विशेष आयोजन करने जा रही है। इस कार्यक्रम को ‘जय हिंद सेना’ नाम दिया गया है, जिसका उद्देश्य देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि देना और वर्तमान सैनिकों का सम्मान करना है।
इस अवसर पर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, वरिष्ठ नेता अजय माकन, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री सहित कई विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। खास बात यह है कि ऑपरेशन सुंदरबन में शहीद हुए जवानों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को इस मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी कांग्रेस ने चीफ विहिप केवल सिंह पठानिया को सौंपी है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन भारतीय सेना की बहादुरी को श्रद्धांजलि देने और जवानों के बलिदान को याद रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पठानिया ने कहा, “यह कार्यक्रम न सिर्फ शहीदों को नमन है, बल्कि देश के वीर सैनिकों के प्रति आभार जताने का भी अवसर है।
