नूरपुर (संजीव महाजन): हिमाचल प्रदेश ने कांग्रेस मुद्दाविहीन हो गई है और इस समय कांग्रेस की हालत बिना दूल्हे की बारात जैसी है, जहां कांग्रेस का हर नेता अपने आप को मुख्यमंत्री मान रहा है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज मिनी सचिवालय ज्वाली के मैदान में आजादी का अमृत महोत्सव व प्रगतिशील हिमाचल के 75 वर्ष कार्यक्रम के दौरान जनता को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का हर नेता अपने आपको को मुख्यमंत्री मान रहा है। हर किसी कांग्रेसी नेता में मुख्यमंत्री बनने की होड़ लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में चहुंमुखी विकास करवाया है ओर चुनाव में भी भाजपा विकास को लेकर जनता के बीच जाएगी व जनता से वोटरूपी आशीर्वाद मांगेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस बार जनता के आशीर्वाद से रिवाज बदला जाएगा। इससे पहले ज्वाली पहुंचने पर ज्वाली के विधायक अर्जुन सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का ढोल-नगाड़ों व नारों के माध्यम से जोरदार स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को खुली जीप के माध्यम से मंच तक लाया गया ओर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जिंदाबाद, भाजपा पार्टी जिंदाबाद ओर जयराम ठाकुर आप आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ है के नारे लगाए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गौ सेंक्चुरी हार, जरियाल-पनोला-चचियां मार्ग पर बनोली खड्ड पुल का उद्घाटन, हरनोटा-बनोली-चचियां मार्ग पर चचियां खड्ड पर निर्मित पुल का उद्घाटन, बनोली-चचियां सड़क पर बनोली खड्ड पर निर्मित पुल का उद्घाटन किया।
