मंडी,4नवंबर(TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने विधान सभा क्षेत्र सराज के थुनाग और जनजेहली क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय लोगों और पार्टी के कार्यकर्ताओं से मिले। अपने प्रवास के दौरान वह आज‘सराज दीपोत्सव’ के समापन समारोह में शामिल हुए।उन्होंने मेला आयोजक समिति को मेला के सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए अपने तमाम अनुभव साझा किए।
थुनाग मेले से जुड़ी यादें साझा करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह मेले मेल-मिलाप का साधन हैं।यह हमारी संस्कृति का हिस्सा है और हमारी सांस्कृतिक विरासत है।यह परंपरा और मजबूती के साथ हमेशा आगे बढ़ती रहनी चाहिए।उन्होंने देव काला कामेश्वर जी समेत सभी देवी देवताओं से प्रदेशवासियों के कल्याण औरसुख समृद्धि की प्रार्थना की।
कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
वहीं प्रदेश कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार विपक्ष पर सारा दोष मढ़कर अपना पल्ला नहीं झाड़ सकती है।लोकतंत्र में जवाबदेही सबसे बड़ी चीज है।जिन मुद्दों पर आप चुनकर आए हैं उससे मुंह नहीं मोड़ सकते हैं।उस पर आप झूठ बोलकर नहीं बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जहां-जहां सरकारें हैं,उन प्रदेशों के हालात आज बहुत बुरे हैं।कई कांग्रेस शासित राज्यों ने तो स्पष्ट कह दिया कि हमसे यह नहीं हो पाएगा।लेकिन हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अभी भी हार नहीं मान रहे हैं और वह झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं कि हमने सब कर दिया।
