बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – विधायक राजेश धर्माणी ने पलासला, पपलाह, कपाहड़ा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गलत बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं । उन्होने कहा कि जनता जानती है कि भाजपा ने कभी समस्याओं को सुलझाने की ओर ध्यान नहीं दिया है बल्कि उन्हें और उलझाकर उस पर राजनीति करने की कोशिश करती रही है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि कांग्रेस सरकार चाहती है कि हिमाचलियों को भी सीमेंट सस्ता मिले और जो ट्रक आपरेटर इसके साथ जुड़े हैं उन्हें भी फायदा हो। लेकिन जैसे ही कांग्रेस सरकार बनी उसके तुरंत बाद एक सोची समझी रणनिति के तहत सीमेंट कारखानों पर तालाबंदी कर दी। उस समय जयराम ठाकुर व भाजपा ने इस मामले को सुलझाने के बजाय उस पर राजनीति शुरू कर दी, लेकिन मुख्यमंत्री व सरकार ने इस मुद्दे पर जिस तरह दोनों पक्षों का आपस में समझौता करवाया तथा सीमेंट कंपनियों को खुलवाया व सराहनीय है। उन्होने कहा कि हकीकत में भाजपा अपनी हार नहीं पचा पा रही है इसलिए बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं।
राजेश धर्माणी ने जयराम के उस बयान पर भी पलटवार किया जिसमें उन्होने कहा कि कांग्रेस सरकार की अपनी ही गारंटी नहीं है। उन्होने कहा कि हिमाचल की जनता ने कांग्रेस की सरकार की 5 साल के लिए गारंटी ली है व कांग्रेस ने जो गारंटियां दी है उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होने लोगों से वादा किया कि घुमारवीं में विकास की कोई कमी नहीं आएगी।
