शिमला :चन्द्रिका (TSN)- हिमाचल प्रदेश सरकार के बजट को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने निराशाजनक बताया है. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष के बजट में की गई घोषणाओं को सरकार पूरा नहीं कर पाई। इस बार के बजट में भी पिछले बजट में की गई ज़्यादातर घोषणाओं को ही दुहराया गया है।
इस बजट में गारंटियों का ज़िक्र तक नहीं
हिमाचल प्रदेश सरकार ने आज बजट पारित किया, जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सबसे अचरज की बात यह है कि जिन गारंटियों पर कांग्रेस सत्ता में आई इस बजट में उन गारंटियों का ज़िक्र तक नहीं है। दूसरे बजट में भी सरकार ने प्रदेश के युवाओं से लेकर महिलाओं, किसानों से लेकर बाग़वानों तक को निराश किया है। हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस के इस झूठ और गुमराह करने की राजनीति का जवाब देगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि वे मुख्यमंत्री से आग्रह करते है कि घोषणाएं करने की बजाय आप घोषणाओं के क्रियान्वयन पर कार्य करने की आवश्यकता है। अपने नाम पर योजनाओं का नाम रखकर मुख्यमंत्री हंसी का पात्र बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जनता का भरोसा टूट चुका है और अब यह भरोसा सरकार फिर से हासिल नहीं कर पाएगी। सरकार पूरी तरह से नाकाम हो गई है। आपदा राहत के नाम पर भी झूठ बोल रही है। सरकार से हर वर्ग नाराज़ है, निराश हैं। इस बजट को मैं सिरे से ख़ारिज करता हूँ।
