बिलासपुर : सुभाष ठाकुर ( TSN)- भारत सरकार द्वारा लागू क्राईम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग एंड नेटवर्किंग सिस्टम (सीसीटीएनएस) की रैकिंग में इस बार बिलासपुर जिला पूरे हिमाचल प्रदेश में नंवर वन आया है। सभी पुलिस थानों में दर्ज अप*राधिक मामलों का अब डिजिटल रिकार्ड उपलब्ध है। अधिकृत अधिकारी व कर्मी कहीं भी बैठे ऑनलाईन चेक कर महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर सकेंगे। हर तीन माह बाद एसईआरबी शिमला की ओर से सीसीटीएनएस की समीक्षा के बाद जिलों की रैंकिंग रिपोर्ट जारी की जाती है। पहली अक्तूबर से लेकर 31 दिसंबर 2023 की तिमाही रिपोर्ट में बिलासपुर ने स्टेट में टॉप किया है।
डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 14 पुलिस जिले हैं। केंद्र सरकार ने सीसीटीएनएस लागू किया है जिसके तहत थानों में दर्ज अपराधिक मामलों का रिकार्ड ऑनलाईन अपडेट रहेगा। प्रत्येक थाने में दर्ज अपराधिक मामलों की मैन्युअल एंट्री होती है। अब अपराधिक मामलों का डिजिटल रिकार्ड भी उपलब्ध रहेगा। सीसीटीएनएस में अपडेट रिकार्ड कोई भी अधिकृत अधिकारी और कर्मचारी कहीं भी चेक कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि पूरे हिमाचल प्रदेश में तिमाही जिलावार रैंकिंग जारी की जाती है। पहली जुलाई से लेकर 30 सितंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार बिलासपुर पुलिस डिस्ट्रिक्ट में 14वें रैंक पर था। यानी सबसे अंतिम पंक्ति में था। इस निर्णय के आने के बाद नोडल अधिकारियों को गाईड किया गया और कर्मियों को मुस्तैदी से कार्य करने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया गया। हर दिन शाम छह से सात बजे तक रिकार्ड की एंट्री की गई और हर दिन रिपोर्टिंग भी ली गई। सभी की मेहनत रंग लाई। दिन रात की कड़ी मेहनत की बदौलत आज बिलासपुर जिला हिमाचल में 32.67 की रैकिंग के साथ नंबर वन पर पहुंचा है। दूसरे नंबर पर पुलिस जिला नूरपुर और तीसरे पर चंबा रहा है।
