केलांग/मनमिन्दर अरोड़ा – लाहुल स्पीति के पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि ठाकुर ने शुक्रवार को जसरथ गांव को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया और यहां मौजूद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से विशेष चर्चा की। इस दौरान रवि ठाकुर ने कहा कि चंद्रभागा नदी में आई बाढ़ के कारण जहां जगह-जगह भूस्खलन हुआ है ,वहीं नदी ने अपना रुख भी जसरथ गांव के समीप बदल दिया है , ईस कारण जसरथ गांव को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले पुल की नींव भी बाढ़ के पानी की भेंट लगभग चढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की दिक्कत को देखते हुए प्रशासन को जहां तुरंत कार्रवाई करते हुए चंद्रभागा नदी के पानी के बदले रुख को तुरंत प्रभाव से दुरुस्त करना चाहिए था ताकि जसरथ गांव के इस पुल को टूटने से बचाया जा सके। लेकिन प्रशासन ने ऐसा कुछ भी नहीं किया और अब जब पुल का एक हिस्सा टूट रहा है तो कुंभकरण की नींद सोया लाहौल स्पीति प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी अपनी निंद्रा से जागे हैं और महज औपचारिकता पूरी करते हुए शुक्रवार को जेसीबी मशीनें नदी में उतार पानी का बहाव बदलने का प्रयास कर रहे हैं जो एक नाममात्र के प्रयास हैं। रवि ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस सरकार के समय व जब पिछले कार्यकाल में लाहौल स्पीति से वे विधायक थे तो उस समय उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर जसरथ गांव के ग्रामीणों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए इस गांव के लिए सड़क का निर्माण करवाया था। वहीं नए पुल के निर्माण के लिए करीब साढ़े 8 करोड रुपए की राशि का प्रावधान किया था और इस राशि से गांव के लिए नए पुल का निर्माण किया जाना था। लेकिन न तो स्थानीय विधायक ने इसे गंभीरता से लिया और न ही सरकार ने। रवि ठाकुर ने कहा कि सरकार और स्थानीय विधायक की अनदेखी के चलते आज जसरथ गांव के ग्रामीण दिक्कतें झेलने को मजबूर हैं। रवि ठाकुर ने कहा कि हाल ही में उन्होंने जसरथ गांव का दौरा किया था और उस दौरान भी ग्रामीणों की दिक्कतों को देखते हुए उन्होंने प्रशासन व सरकार से आग्रह किया था कि जसरथ गांव के उक्त पुल को टूटने से बचाने के लिए जल्द से जल्द प्रयास किए जाएं लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और परिणाम स्वरूप आज पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। लिहाजा जसरथ गाँव के ग्रामीण अपने घरों में कैद हो गए हैं। रवि ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान गांव के ग्रामीणों के लिए स्पेन का निर्माण भी किया गया था। लेकिन प्रशासन ने उसकी मेंटेनेंस पर भी ध्यान नहीं दिया और आज वह भी ठप पड़ा हुआ है। आज दशरथ गांव के ग्रामीणों का संपर्क पूरी तरह जिला मुख्यालय से कट गया है । रवि ठाकुर ने प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन से मांग की है कि जसरथ गांव के ग्रामीणों की इस दिक्कत को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द इसका समाधान किया जाए और पुल के समीप नदी में एलएनटी मशीन से खुदाई करवा नदी के बहाव को बदला जाए ताकि पुल को बहने व टूटने से बचाया जा सके।
जसरथ गांव का जिला मुख्यालय से कटा संपर्क
Leave a comment
Leave a comment
