सोलन/योगेश शर्मा – भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जब भी हिमाचल आते हैं तो वह हमेशा खाली हाथ जाते हैं । हर बार पर्यटक बनकर सिर्फ यहां पर घूम कर चले जाते हैं। सोलन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कुशल जेठी ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल से संबंध रखते हैं। लेकिन जब भी वे हिमाचल आते हैं तो खाली हाथ ही आते हैं और यहां से घूम कर वापस चले जाते हैं।उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि हिमाचल की सरकार दिल्ली से चल रही है। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा हिमाचल दौरे के दौरान इशारा समझने की बात लोगो से कर रहे थे। लेकिन 4 महीने बाद हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता उन्हें ये इशारा जरूर समझाने वाली है।
वहीं कुशल जेठी ने भाजपा नेता राजीव बिंदल को भाजपा के चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस नेता को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की सरकार में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते इस्तीफा देना पड़ा था और जिस नेता को जयराम सरकार में प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए इस्तीफा देना पड़ा था।आज उसी नेता को भाजपा द्वारा चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है ताकि वह नेता चुनाव के लिए नोट इकट्ठे कर सके। कुशल जेठी ने कहा कि चुनाव नजदीक है ऐसे में उठापटक का दौर भी जारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दो विधायक जो भाजपा में शामिल हुए हैं वह अग्निवीर साबित होने वाले हैं क्योंकि सरकार कांग्रेस की आएगी । तो ऐसे में वह सिर्फ पेंशन के ही हकदार होंगे। उन्होंने कहा कि उन नेताओं का जीत पाना तो मुश्किल होगा। कुशल जेठी ने कहा कि हिमाचल की सरकार दिल्ली से चल रही है जैसे ही इशारे दिल्ली से किए जाते हैं , वैसे ही जयराम ठाकुर यहां काम करते हैं। उन्होंने कहा कि 5 सालों में हिमाचल प्रदेश विकास में पिछड़ चुका है,जेठी ने कहा कि साल 2022 के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में निश्चित तौर पर कांग्रेस जीत हासिल करके प्रदेश में सत्तासीन होने वाली है।
