धर्मशाला :राहुल चावला (TSN)-आगामी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक धर्मशाला के गगल में संपन्न हुई. करीब अढ़ाई घंटे तक चली इस बैठक को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने संबोधित किया. बैठक में प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं, सभी सांसदों व विधायकों, पूर्व विधायको, विधानसभा चुनाव के दौरान रहें पार्टी प्रत्याशियों व अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों ने लोकसभा चुनाव के लिए भावी रणनीति को अंतिम रूप दिया.
बैठक में जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को कैसे प्रभावशाली बनाया जा सके इस बारे में भी नेताओं के साथ विचार विमर्श किया और हर मन की बात कार्यक्रम में बूथ की बैठक हो इस बारे में भी निर्देश दिए.भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां को प्रभावी तरीके से ग्राउंड जीरो तक पहुंचने का आग्रह किया.उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की चारों सीटों को जीतने के लिए किस प्रकार से आगे बढ़ाना है, इसको लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है. बैठक में केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे. बैठक में प्रदेश की चारों संसदीय सीटों के लिए सशक्त उम्मीदवारों के नाम का पैनल तैयार करने पर भी चर्चा हुई है।
