बिलासपुर : चन्द्रिका (TSN)- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को एम्स बिलासपुर में कई नई सुविधाओं का शुभारंभ किया और ‘विश्राम सदन’ का शिलान्यास किया। इस क्रम में उन्होंने ₹4 करोड़ की लागत से बने 40 हजार लीटर की क्षमता वाले लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट और ₹30 करोड़ की लागत से एडवांस्ड रेडिएशन थैरेपी के लिए लगी आधुनिक मशीनरी सहित अन्य नई सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडविया, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
350 बेड की क्षमता वाले विश्राम सदन का भी शिलान्यास
जे पी नड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और ऊर्जा मंत्री आर के सिंह के प्रयासों के चलते एम्स बिलासपुर को कई नई सुविधाएं प्रदान हुई है। उन्होंने कहा कि आज ₹4 करोड़ की लागत से बना 40 हजार लीटर की क्षमता वाले लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट की सुविधा का उद्घाटन किया गया है। इसी तरह रेडिएशन एन्कॉलोजी में एडवांस्ड रेडिएशन थैरेपी के लिए ₹30 करोड़ की लागत से आधुनिक मशीनरी लगाई गई है और सीटी स्कैन सुविधा शुरू की गई है। आज 350 बेड की क्षमता वाले विश्राम सदन का भी शिलान्यास हुआ है।
जेपी नड्डा ने कहा कि बिलासपुर में एम्स बनना यहां के स्थानीय लोगों का सपना था. उन्होंने बताया कि वे केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया से चर्चा करते है कि फैकल्टी के बीच एक समन्वय होना चाहिए जिसके तहत बिलासपुर की फैकल्टी दिल्ली एम्स जाए और उसी तरह दिल्ली एम्स की फैकल्टी यहां बिलासपुर में आकर नई चीजें सीखें और अपने कार्यक्षेत्र में उसका उपयोग करें। जे पी नड्डा ने एम्स की भर्ती के लिए बनाई गई नई योजना को छात्रों के मध्य रखते हुए बताया कि एम्स में भर्तियों के समय यह ध्यान रखा जाता है कि सभी एम्स में भर्तियां एक साथ हों। ये भर्तियां इस तरह की जाती हैं कि जिस क्षेत्र का व्यक्ति हो उसे आसानी से उसी के क्षेत्र के एम्स में कार्यरत किया जा सके और क्षेत्रीय असंतुलन न हो। इसके साथ ही पूरे राष्ट्र के एम्स की एक संयुक्त कमेटी बनाई जाए जो मेडिकल क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करना सुनिश्चित करे।
