सोलन/योगेश शर्मा: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 10 अक्टूबर को सोलन के दौरे पर आ रहे हैं। यहां नौणी में वे पार्टी के शिमला संसदीय के पंच परमेश्वर सम्मेलन में शामिल होंगे। इस सम्मेलन में शिमला संसदीय क्षेत्र के स्थानीय निकायों के करीब 2500 जन प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत, जिला परिषद व पंचायतों में पार्टी के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। भाजपा इन्हें पंच परमेश्वर कहती है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर वीरवार को सोलन में भाजपा पदाधिकारियों की एक बैठक भी हुई। भाजपा के शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी पुरूषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम बना है। इसमें वे शिमला संसदीय क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों से रूबरू होंगे और उन्हें बताएंगे कि किस तरह केंद्र और प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी सौदान सिंह और सीएम जयराम ठाकुर विशेष रुप से उपस्थित रहने वाले हैं।
हिमाचल प्रदेश में करीब डेढ़ माह बाद ही चुनाव होने वाले हैं। इसे देखते हुए राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय स्तर के नेता प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। इसी कड़ी में 10 अक्टूबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे का कार्यक्रम बना है। भाजपा हिमाचल में फिर से सत्ता में आने के लिए सरकारी कार्यक्रमों के अलावा संगठन की दृष्टि से भी पूरी ताकत लगा रही है। हिमाचल नड्डा का गृह राज्य भी है। ऐसे में यहां की जीत-हार उनके लिए निजी तौर पर भी मायने रखती है।
