Dharamshala, Rahul-:पूर्व वर्षों में घाटे से जूझ रहा कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण बैंक लिमिटेड अब मुनाफे की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। बैंक के चेयरमैन राम चंद्र पठानिया ने मंगलवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बैंक के पिछले तीन वर्षों के कार्यकाल का लेखा-जोखा मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया।
चेयरमैन ने बताया कि पूर्व में बैंक मात्र 19 लाख रुपये के लाभ या घाटे की स्थिति में रहता था, जबकि वर्तमान वित्तीय वर्ष में बैंक ने 3 करोड़ 19 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है, जो पिछले तीन वर्षों में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बैंक के सुदृढ़ प्रबंधन और वित्तीय सुधारों का परिणाम है।राम चंद्र पठानिया ने बताया कि बैंक में दो प्रकार की वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें कुल 96 मामले शामिल हैं, जिनमें भूमि कुर्की के बाद संबंधित जमीनें अब बैंक के स्वामित्व में आ चुकी हैं। वर्ष 2015 तक के ऋण मामलों में 25 प्रतिशत तक ब्याज माफ कर राहत दी जा रही है।उन्होंने कहा कि बैंक डिजिटलाइजेशन की दिशा में भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। बैंक का एनपीए घटकर 19.3 प्रतिशत रह गया है, जो पहले 22 प्रतिशत से अधिक था। 2015 तक के पुराने ऋणों को सब्सिडी के माध्यम से ओटीएस के तहत निपटाया जा रहा है।
पंचरुखी, कांगड़ा और ज्वालामुखी में जल्द खुलेंगी नई शाखाएं
चेयरमैन ने कहा कि किसानों को ऋण सुविधा सरल प्रक्रियाओं के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। बैंक कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को प्राथमिकता के आधार पर वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है। बैंक नाबार्ड से सरकारी गारंटी पर धनराशि प्राप्त करता है और राज्य के बाहर ऋण वितरण नहीं करता।उन्होंने बताया कि बैंक की पहले 30 शाखाएं थीं, जबकि अब 5 नई शाखाएं खोली जा रही हैं। मैहतपुर और जाहू में शाखाएं शुरू हो चुकी हैं, वहीं पंचरुखी, कांगड़ा और ज्वालामुखी में जल्द शाखाएं खोली जाएंगी।
23 नए कर्मचारियों की नियुक्ति, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया
राम चंद्र पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश का सहकारी क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। बैंक में इस वर्ष 23 नए कर्मचारियों को ट्रेनी के रूप में नियुक्त किया गया है, जिनमें 4 असिस्टेंट मैनेजर और 19 रिकवरी सुपरवाइजर शामिल हैं।उन्होंने बताया कि बैंक ने वर्ष 2024-25 के लिए निर्धारित सभी लक्ष्यों को प्राप्त किया है। बैंक में भर्तियां आईबीपीएस के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ की गई हैं।
