मंडी : धर्मवीर (TSN)- करसोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पृथी सिंह नेगी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यहां मंगलवार नेगी ने हाई कमान को इस्तीफा भेज दिया है। पृथी सिंह नेगी पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के काफी करीबी रहे हैं। वे सात बार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने और पिछले 40 सालों से इस पद पर पार्टी को अपनी सेवाएं दे रहे थे।
वहीं प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार एक साल का कार्यकाल पूरा होने की खुशी में 11 दिसंबर को धर्मशाला में जश्न मनाने जा रही है। ऐसे में नेगी के अचानक इस्तीफा देने की घोषणा से करसोग में राजनीति गरमा गई है। हालांकि पृथी सिंह नेगी को संगठन या फिर सरकार में कोई बड़ी जिम्मेवारी मिलने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं नेगी का कहना है कि लंबे अनुभव को देखते हुए हाई कमान अगर कोई जिम्मेवारी सौंपती है तो उसे ईमानदारी से निभाया जाएगा।
कई कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षों के साथ किया काम:
पृथी सिंह नेगी ने 26 साल की उम्र में राजनीतिक सफर शुरू किया। नेगी सबसे पहले वर्ष 1972 में ब्लॉक यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बने और 1982 तक दस साल पार्टी की इस पर सेवा की। इसके बाद नेगी 1982, में पहली बार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने। इसके उपरांत वर्ष 1991 में फिर अध्यक्ष पद का जिम्मा संभाला और 1996 तक इस पद पर रहे। इसके बाद 2003 से 2007 तक फिर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की कमान संभाली। वहीं नेगी 2009 में अध्यक्ष बने और तब से लगातार इस पद पर पार्टी की सेवा कर रहे हैं। इस अवधि में उन्होंने रामलाल ठाकुर वीरभद्र सिंह सहित विद्या स्टोक्स, कौल सिंह ठाकुर, कुलदीप सिंह राठौर व प्रतिभा सिंह सहित कई कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्षों के साथ कार्य करने का अनुभव है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने बड़े लंबे समय तक उनपर विश्वाश जताया अब समय युवाओं का है और समय की मांग भी की पार्टी युवा कार्यकर्ताओं को आगे आने का मौका मिलना चाहिए
