मंडी : धर्मवीर (TSN)-महादेव ऐप स्कैम के तार हिमाचल चुनाव से जुड़े होने के जयराम ठाकुर के बयान से प्रदेश में एक बार फिर से राजनीति गर्मा गयी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के इस बयान पर पलटवार किया है।
मंडी जिला के 6 दिवसीय दौरे पर पहुंची सांसद प्रतिभा सिंह ने सुंदरनगर में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कांग्रेस पार्टी पर बिना तथ्यों से बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा की जयराम ठाकुर को पार्टी पर आरोप लगाने से पहले तथ्य लेकर सामने आना चाहिए। इस प्रकार से किसी पर भी आरोप लगाना ठीक नहीं है। प्रतिभा सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावों के समय भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस से 10 गुना अधिक पैसा खर्च किया जाता है और यह बात किसी से छिपी नहीं है। न ही कांग्रेस पार्टी ने कभी भाजपा से सवाल किया कि यह पैसा कहां से खर्च किया जा रहा है।
शीतकालीन सत्र के दौरान मंडी लोकसभा के मुद्दे उठाए जाएंगे
वहीं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा के शीतकालीन सत्र में हिमाचल प्रदेश के मुद्दे उठाए जाएंगे। पिछले सत्र में भी उन्होंने प्रदेश में आई आपदा के मुद्दे को उठाने का प्रयास किया था। लेकिन मणिपुर मामले को लेकर सभापति को लोकसभा की कार्रवाई को स्थगित करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र के दौरान मणिपुर मामले पर विवाद उठने के बावजूद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में नहीं आ रहे थे। प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा के शीतकालीन सत्र में भी प्रदेश के मुद्दों की ओर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में आपदा आने के कारण कांग्रेस पार्टी द्वारा विधानसभा चुनावों को लेकर दी गई गारंटियां पूरी करने में विलंब हुआ है। कांग्रेस ने कर्मचारियों को ओपीएस देने का वायदा पूरने से कर्मचारी खुश हैं। महिलाओं को मान-सम्मान देने की गारंटी में देरी होने का कारण केंद्र सरकार द्वारा त्रासदी में प्रदेश की सहायता नहीं करना है। पीएम नरेंद्र मोदी ने इससे पूर्व केदारनाथ और भुज में आपदा आने पर मदद की थी। लेकिन पीएम मोदी अपने दूसरे घर हिमाचल प्रदेश को राहत प्रदान करवाने में असफल रहे हैं।
बता दें कि सांसद प्रतिभा सिंह 10 दिसम्बर तक मंडी जिला के प्रवास पर हैं। 6 दिसम्बर को सांसद प्रतिभा सिंह द्रंग विधानसभा क्षेत्र आरंग, बथेरी, रियागड़ी, नबलाए, सालगी, कटौला, बग्गी, टिहरी, रंज तथा कटिंडी में जन समस्याएं सुनेगी। सांसद प्रतिभा सिंह 7 दिसम्बर को सराज विधानसभा क्षेत्र के पटीकरी में लोक निर्माण मंत्री द्वारा बाखली खड् पर बने वाहन योग्य पुल का उदघाटन, लम्बाथाच में बाखली खडड पर बने डबल लेन पुल का उदघाटन, देयोल खडड में बने पुल का उदघाटन, ग्राम पंचायत ढीमकटारू के केयोलीनाल में बने पुल का उदघाटन समारोह में उपस्थित रहेगी तथा चोलूथाच में जनसभा को संबोधित करेगी।
