सोलन :योगेश शर्मा -हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कीवी उत्पादकों ने आरोप लगाया है कि भारत की बड़ी मंडियों में आढ़ती अवैध तरीके से ईरान की कीवी को मंगवा रहे हैं, जिससे हिमाचल के कीवी उत्पादन को नुकसान उठाना पड़ रहा है। रविवार को सोलन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कीवी ग्रोवरों ने सरकार से मांग की है कि इस अवैध आयात पर रोक लगाई जाए। साथ ही ऐसे काम में संलिप्त लोगों पर जुर्माना भी लगाया जाए।
हिमाचल में करीब 500 टन से ज्यादा कीवी का हो रहा है उत्पादन
मीडिया से बातचीत में कीवी उत्पादक प्रकाश राणा ने कहा कि सरकार ने ईरान की कीवी के आयात पर बैन लगाया है। इसके बावजूद प्रतिबंधित कीवी अवैध तरीके से भारत पहुंच रही है। जिससे हिमाचल सहित देश के कीवी ग्रोवर्स को इसके बेहतर दाम नहीं मिल पा रहे हैं। यह कीवी ईरान से वाया हांगकांग शिपिंग के माध्यम से भारत लाई जा रही है। वह भी लोगों की सेहत के लिए फायदेमंद नहीं है। उन्होंने बताया कि हिमाचल में करीब 500 टन से ज्यादा कीवी का उत्पादन हो रहा है, लेकिन कीवी के सही दाम न मिल पाने के कारण इन दिनों किसान परेशान हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की है कि जल्द से जल्द ईरान की प्रतिबंधित कीवी को भारत आने से रोका जाए ताकि देश और हिमाचल के किसानों को बेहतर दाम मिल सके।
