कुल्लू : मनमिंन्द्र अरोड़ा – देशभर में मजदूरों की मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ के द्वारा धरने प्रदर्शन किए जा रहे हैं। तो वहीं जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर में अखिल भारतीय मजदूर संघ जिला कुल्लू के द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया। वहीं डीसी के माध्यम से एक ज्ञापन भी प्रदेश सरकार को भेजा गया। जिसमें मांग रखी गई कि सभी मजदूरों के हितों को ध्यान में रखते हुए मांगों को जल्द पूरा किया जाए।
भारतीय मजदूर संघ के द्वारा इस दौरान ढालपुर में एक रैली भी निकाली गई और डीसी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन भी किया गया। जिला कुल्लू भारतीय मजदूर संघ की महासचिव मीरा ठाकुर ने बताया कि बीते दिनों बिहार के पटना में अखिल भारतीय मजदूर संघ का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया गया। जिसमें मजदूरों की मांगों को लेकर चर्चा की गई।
वही, ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार से भी आग्रह किया गया कि सभी मजदूरों व महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाए। इसके अलावा सरकारी विभागों में जो ठेकेदारी प्रथा चलाई जा रही है उसे भी बंद किया जाए। ताकि बेरोजगारों को नियमित रूप से रोजगार मिल सके। वही देश भर में मजदूरों के आर्थिक विकास के लिए राष्ट्रीय नीति बनाई जानी चाहिए और न्यूनतम मजदूरी के स्थान पर भी जीविका मजदूरी तय की जानी चाहिए। ताकि गरीबी से जूझ रहा मजदूर अपनी जीविका सही तरीके से चला सके। मीरा ठाकुर ने बताया कि इन सभी मुद्दों को लेकर सरकार को ज्ञापन भेजा गया है और मांग रखी गई है कि जल्द से जल्द ही मांगों को पूरा किया जाए। वरना आने वाले समय में मजदूर संघ के द्वारा आंदोलन शुरू किए जाएंगे।
