चम्बा , मंजूर पठान -चम्बा जिले के सलूणी उपमंडल में पार्किंग की सुविधा न होने के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां हर दिन सैकड़ों लोग अपने कामकाज के लिए उपमंडल मुख्यालय पहुंचते हैं, लेकिन उचित पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण उन्हें अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी करनी पड़ती हैं। इससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और लोगों को अनावश्यक दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।
सलूणी करीब 35 पंचायतों का केंद्र बिंदु है, जहां हजारों की आबादी विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए आती है। एसडीएम कार्यालय, डीएसपी कार्यालय, बीडीओ, तहसील और वन विभाग जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय यहां स्थित हैं। ऐसे में कार्य दिवस के दौरान यहां लोगों की भीड़ और अधिक बढ़ जाती है, जिससे पार्किंग की समस्या गंभीर रूप ले लेती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पार्किंग निर्माण की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी भी है कि चुनावों के दौरान बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में उन्हें पूरा नहीं किया जाता।हालांकि अब प्रशासन की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए पहल की गई है। उपमंडल अधिकारी चंद्रवीर सिंह के अनुसार हाल ही में एक स्थान का चयन किया गया है, जहां इंडोर स्टेडियम के साथ पार्किंग निर्माण की योजना बनाई जा रही है। लोक निर्माण विभाग को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल्द ही प्रस्ताव सरकार को भेजा जा सके।लोगों को उम्मीद है कि यदि यह योजना जल्द साकार होती है, तो उन्हें पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी।
