मंडी,धर्मवीर(TSN)-प्रदेश में समोसे को लेकर गर्माई राजनीति के बीच शुक्रवार शाम को पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सर्किट हाउस मंडी में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चाय-समोसे का आनंद लिया।जब बात समोसे की राजनीति की हो रही थी तो जयराम ठाकुर ने भी सत्ता पक्ष पर आरोप लगाने और तंज कसने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
समोसा खाने को लेकर करवा दी सीआईडी की जांच,भ्रष्टाचार पर सीएम चुप क्यों
जयराम ठाकुर ने कहा कि समोसा खाने को लेकर हुई जांच के बाद आई रिपोर्ट में इसे सरकार विरोधी गतिविधि बताया गया है।यह सिर्फ हास्यास्पद है।यदि समोसे विपक्ष ने खाए होते तब भी इस बात को मानते कि यह सरकार विरोधी गतिविधि है। लेकिन विपक्ष के पास न तो समोसे पहुंचे और न ही सरकार ने खिलाए। समोसे को जहां पहुंचना चाहिए था वहां पहुंच नहीं पाया और सरकार ने उसपर सीआईडी की जांच बैठा दी। इसी से पता चलता है कि प्रदेश की सरकार कितनी गंभीरता से काम कर रही है।जो सरकार आर्थिक संकट में है उस सरकार में फाइव स्टार होटल से समोसा मंगवाया जा रहा है। इसी से सरकार की नीति और नीयत का पता चलता है।
बीना सोचे समझे निर्णय लेना सरकार की आदत
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, मंत्रियों पर आरोप लगे हैं।उद्योग,पीडब्ल्यूडी,आईपीएच और स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। लेकिन सरकार उसकी जांच न करवाकर समोसो पर जांच करवा रही है।बीना सोचे समझे निर्णय लेना,यह सरकार की आदत हो गई है जिस कारण सरकार की फजीहत हो रही है। पिछले कुछ दिनों में सरकार की तरफ से लिए गए निर्णय इस बात का स्पष्ट उदाहरण हैं।कभी टॉयलेट पर टेक्स लगा दिया जाता है तो कभी बसों पर ले जाए जाने वाले सामान पर किराया वसूला जाता है।सरकार नौकरियां देने का वादा करके आई थी लेकिन अब हालत यह है कि सरकार नौकरियों को ही समाप्त कर रही है।लोग अब यही कह रहे हैं कि सरकार ऐसे हाथों में चली गई है जिन्हें कोई भी फैसला करने का ज्ञान ही नहीं है।
