हमीरपुर,8 नवंबर- सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार और उनकी सीआईडी की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया है।उन्होंने कटाक्ष किया कि सीआईडी यह जांच करने में व्यस्त है कि आखिर मुख्यमंत्री के लिए मंगवाए गए समोसे किसने खा लिए और इसमें भी विपक्ष का हाथ तलाशा जा रहा है।
पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में शायद यह पहली बार है कि मुख्यमंत्री के समोसे खाने का मामला मीडिया में प्रमुखता से छपा है।उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि क्या यही सीआईडी का असल काम रह गया है? क्या इस सरकार के “व्यवस्था परिवर्तन” के नारे का यही मतलब है कि विरोधियों की जासूसी की जाए, उनके फोन टैप किए जाएं, और समोसे के मामले में विपक्ष को दोषी ठहराने की कोशिश की जाए? यह सोचने का विषय है कि आखिर यह सरकार क्यों राजनीतिक प्रतिशोध की आग में जल रही है और जनता के हितों से हटकर ऐसी हास्यास्पद गतिविधियों में व्यस्त है।
