Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर जिले के सासन गांव में हुए रंजना हत्याकांड को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मंगलवार को मृतका के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की। रंजना की निर्मम हत्या एक नाबालिग आरोपी द्वारा की गई थी, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।इस मौके पर हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा, सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, सर्व कल्याणकारी संस्था के अध्यक्ष अभिषेक राणा समेत हमीरपुर भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि रंजना की हत्या अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि इस मामले ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जयराम ठाकुर ने बताया कि विधायक आशीष शर्मा ने मृतका के दिव्यांग बेटे की आर्थिक सहायता के लिए हर महीने तीन हजार रुपये देने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को इस घटना की गहनता से जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, मृतका रंजना के परिजनों ने जयराम ठाकुर के समक्ष मांग रखी कि बाल अपराध कानून (Juvenile Justice Act) में संशोधन किया जाए, ताकि ऐसे गंभीर अपराध करने वाले नाबालिगों को भी कड़ी सजा मिल सके। इस पर जयराम ठाकुर ने कहा कि यह एक गंभीर विषय है, और इस दिशा में निर्णय राज्य व केंद्र सरकार को मिलकर लेना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।
