अनिल कुमार, किन्नौर: जिला किन्नौर में शनिवार देर शाम शोंगठोंग पुरबनी संपर्क सड़क मार्ग पर पटेल कंपनी का लोडर गिरने से लोडर में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दो अन्य लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। लोडर सड़क मार्ग से लुढ़कते हुए लगभग 50 मीटर नीचे सतलुज नदी के किनारे जा गिरी।
इस हादसे में लोडर चालक व एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देकर रामपुर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार कल्पा विवेक नेगी, पुलिस, अग्निशमन विभाग व होमगार्ड्स के जवान मोके पर पहुंचे। वहीं घायलों व शव को निकालने में प्रशासन की टीम का स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया।
मृतक का शव लोडर के नीचे दबे होने व अंधेरा होने के कारण तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। वहीं मृतक की पहचान तंगलिंग गांव के निवासी की रूप में हुई है जबकि घायल व्यक्तियों में एक यूपी व एक कुल्लू का बताया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर दस हजार रुपए प्रदान किए गए है। पुलिस थाना रिकोंगपिओ ने मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
