Bilaspur, Subhash-प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश का असर बिलासपुर जिले में भी भारी रूप से देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों की लगातार बारिश ने जिले में भारी तबाही मचाई है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार अब तक जिले को 60 से 65 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
इसमें सबसे अधिक क्षति लोक निर्माण विभाग (PWD) को हुई है, जिसे अकेले 45 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। बारिश की वजह से जिले की लगभग 9 सड़कें बंद हो गई हैं। इन सड़कों को खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
उपायुक्त बिलासपुर, राहुल कुमार ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी बंद सड़कों को शीघ्र बहाल किया जाए ताकि आमजन को आवाजाही में कोई परेशानी न हो।बारिश से जल शक्ति विभाग की भी 10 से 15 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराने की आशंका है। उपायुक्त ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हुए हैं, हालांकि मुख्य मार्ग अभी सुचारू रूप से चालू हैं।
सावधानी बरतने की अपील
उपायुक्त राहुल कुमार ने जनता से अपील की है कि वे अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। उन्होंने लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और नदी-नालों के पास न जाने की सलाह दी है, क्योंकि बारिश के चलते इनका जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
