Nurpur, 6 August-पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर फोरलेन निर्माण के चलते की गई बेतरतीब कटिंग अब जानलेवा साबित हो रही है। विधानसभा ज्वाली क्षेत्र के अंतर्गत भाली में मंगलवार देर शाम भारी बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिससे हाईवे पूरी तरह बंद हो गया।
हादसे के वक्त एक वाहन मलबे में फंस गया। गनीमत रही कि किसी की जान को नुकसान नहीं हुआ। मौके पर फोरलेन निर्माण कंपनी की मशीनरी राहत कार्य में जुटी हुई है, लेकिन लगातार पहाड़ी से गिर रहा मलबा साफ करने के प्रयासों को कमजोर कर रहा है।
इस भूस्खलन के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा गया। देर रात तक जाम लगा रहा, जो आज सुबह जाकर हटाया गया। हालांकि अभी भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हैं और किसी भी समय फिर से मार्ग बंद हो सकता है।स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तस्वीरें बेहद भयावह हैं — जितना मलबा हटाया जा रहा है, उतना ही दोबारा गिर रहा है। इस स्थिति ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
