सोलन/योगेश शर्मा: जिला सोलन में लंपी वायरस से किसान बेहद परेशान और दुखी थे क्योंकि उनके सामने उनकी गाय दम तोड़ रही थी और वह चाह कर भी कुछ नहीं पा रहे थे। लंपी वायरस के आगे सभी बेबस थे। इस जानलेवा लंपी वायरस ने सैकड़ों पशुओं का जीवन लील लिया। अभी भी कई गांवों में इस वायरस का प्रकोप देखा जा रहा है। इसकी रोकथाम के लिए पशुपालन विभाग जी तोड़ कोशिश कर रहा है, लेकिन अभी तक पूर्ण रूप से इस रोग पर नियंत्रण नहीं हो पाया है।
इस रोग की वजह से जहां एक और किसानों को आर्थिक हानि उठानी पड़ी। वहीं दूध का व्यवसाय भी बेहद प्रभावित हुआ है। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि जिला सोलन में तीन माह के भीतर करीबन 15488 पशु इस वायरस से ग्रसित हुए थे। जिसमें से 9216 ठीक हो चुके हैं और बचे हुए 5075 पशुओं का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि दुर्भाग्य से इस वायरस से करीबन 1197 गाय मर चुकी है , लेकिन अब धीरे-धीरे इस रोग का असर कम हो रहा है और उन्हें जल्द उम्मीद है कि इस पर पूर्ण रूप से नियंत्रण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गायों को लगातार वैक्सीन लगाई जा रही है और जितने भी एहतियातन कदम है वह उठाए जा रहे हैं ताकि गायों का अनमोल जीवन बचाया जा सके।
