सोलन/योगेश शर्मा: सोलन में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है जिसके कारण जहां एक और सोलन शहर वासी बेहद चिंतित हैं । वही अब पशुपालन विभाग भी चौकन्ना हो गया है क्योंकि यह आवारा कुत्ते अचानक शहरवासियों पर हमला कर देते हैं जिसकी वजह से रेबीज रोग होने का खतरा भी बना रहता है। इसलिए अब पशुपालन विभाग शहर में विशेष मुहिम चला रहा है। जिसमें जहां एक और कुत्तों को रेबीज के टीके लगाए जा रहे हैं । वहीँ कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण करने के लिए नसबंदी की जा रही है। यह जानकारी पशुपालन उपनिदेशक भारत भूषण गुप्ता ने दी।

95 प्रतिशत रेबीज़ का रोग कुत्तों से फैलता है
पशुपालन उपनिदेशक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि शहर में कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। उनकी संख्या पर नियंत्रण करने के लिए करीबन 700 कुत्तों की नसबंदी की जाएगी। उन्होंने बताया कि अगर यह कुत्ते किसी को काटते हैं तो रेबीज का खतरा बना रहता है क्योंकि आवारा कुत्तों को रेबीज का इंजेक्शन नहीं लगा होता है इसलिए अब उनका विभाग इन आवारा कुत्तों को रेबीज के टीके लगा रहा है। जिसकी शुरुआत 28 सितंबर से की जा चुकी है और 10 अक्तूबर तक उनका यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 95 प्रतिशत रेबीज़ का रोग कुत्तों से फैलता है इस लिए उन्हें रेबीज़ की वैक्सीन लगानी बेहद आवश्यक है ताकि शहरवासी सुरक्षित रहें।
