Mandi, Dharamveer-:मेग्नीफिसेंट सेवंथ डोगरा रेजिमेंट का 60वां स्थापना दिवस डायमंड जुबली के तौर पर डडौर स्थित होटल बी फॉर यू में भव्य तरीके से मनाया गया। समारोह में लेफ्टिनेंट कर्नल बसंत सिंह भारद्वाज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की जबकि ऑनरेरी कैप्टन हेम सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह में विभिन्न स्थानों से आए 120 से अधिक पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों और वीर नारियों ने भाग लिया। लेफ्टिनेंट कर्नल बसंत सिंह भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 जनवरी 1966 को सेवंथ डोगरा की स्थापना मेरठ कैंट में हुई थी। कर्नल बलवीर सिंह दयाल इसके पहले सीओ थे और उन्हीं के कार्यकाल में इसकी स्थापना भी हुई थी। अपनी स्थापना के बाद इस पलटन की सबसे पहली पोस्टिंग जम्मू में हुई थी। उसके बाद नॉर्थ ईस्ट में सेवाएं देने के उपरांत देश और विदेशों में अपनी सेवाएं दी। साउथ अफ्रीका में हुए यूएन मिशन में भी इस पलटन ने अपनी बेहतरीन सेवाएं दी हैं।
इस मौके पर नायक मोध सिंह गुलेरिया, कैप्टन एन.एस. लगवाल और कैप्टन धर्म सिंह सहित वीर नारियों को सम्मानित भी किया गया। वीर नारियों में ज्ञान चंद, नरेश चंद, टेक चंद मस्ताना की धर्मपत्नी जबकि गोवर्धन की बेटी शामिल रही। लेफ्टिनेंट कर्नल बसंत सिंह भारद्वाज ने 60वें स्थापना दिवस और आयोजित भव्य समारोह के लिए सभी को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।इस मौके पर ऑनरेरी सूबेदार मेजर श्याम लाल जसवाल, सूबेदार नरेश मेहता और सूबेदार जगदीश शर्मा सहित जिला भर से आए पूर्व सैनिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
Chandrika
