Una, Rakesh -हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता महासंघ (हिमफेड) के अध्यक्ष महेश्वर चौहान का ऊना आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया। यह कार्यक्रम ऊना के केएमसी पार्क में हुआ, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए महेश्वर चौहान ने हिमफेड अध्यक्ष बनाए जाने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “सरकार ने मुझे किसानों और बागवानों के लिए काम करने का अवसर दिया है, और हमने इस दिशा में कार्य आरंभ भी कर दिया है।”महेश्वर चौहान ने कहा कि हिमफेड को नए स्वरूप में उतारा जाएगा ताकि किसान और बागवान संगठन से अधिक लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि “हमारा प्रयास रहेगा कि हिमाचल प्रदेश में हिमफेड से जुड़े किसानों और बागवानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने यह भी कहा कि किसानों और बागवानों की आय बढ़ाने और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे हिमफेड की कार्यप्रणाली और मजबूत होगी।
