संजु चौधरी, शिमला: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के लोकसभा की सदस्यता रद्द होने पर लगातार पूरे प्रदेश भर में कांग्रेस की ओर धरना प्रदर्शन किए जा रहे हैं। शनिवार को भी महिला कांग्रेस ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर महात्मा गांधी कि प्रतिमा के पास बैठकर मुंह पर काली पट्टी बांधकर लगातार हो रही लोकतंत्र की हत्या को लेकर अपना विरोध प्रकट किया।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्षा जैनब चंदेल ने कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में है जिस तरह से विपक्ष की आवाज सदन के भीतर और सदन के बाहर दबाने की कोशिश की जा रही हैं। इसी को लेकर शिमला महिला कांग्रेस ने बीते कल भी कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया और आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास मौन रहकर,मुंह पर काली पट्टियां बांधकर विरोध दर्ज करवाया गया हैं। उन्होंने कहा कि अहिंसा के मार्ग पर चलकर जिस तरह से महात्मा गांधी ने पूरे विश्व भर को एक संदेश दिया था कि शांति और अमन पर अमल रख कर अपना विरोध दर्ज करना चाहिए। उसी तरह हम भी आज लोकतंत्र को बचाने के लिए शांतिपूर्ण ढंग से मौन रहकर अपना विरोध प्रकट कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसमें देश को बचाने के लिए अपनी भूमिका अदा की थी और बाबा भीमराव अंबेडकर ने संविधान की रचना गई थी, लेकिन आज जिस तरह से लोकतंत्र का गला घोटने का प्रयास किया जा रहा है और लोकतंत्र के मंदिर लोकसभा में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है उसे बचाने के लिए हर कदम उठाया जाएगा ।
