ऊना, राकेश -: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कुछ युवक मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिल से तेज आवाज़ वाले अवैध साइलेंसर का इस्तेमाल करते हुए ध्वनि प्रदूषण फैलाते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद जिला पुलिस ऊना ने मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।पुलिस ने जांच के दौरान संबंधित मोटरसाइकिल और उसके चालक की पहचान कर वाहन को ट्रेस किया। कार्रवाई के दौरान बाइक में लगा अवैध रूप से मॉडिफाई किया गया साइलेंसर मौके पर ही हटवा दिया गया। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालक का ₹10,000 का चालान भी किया गया।
जिला पुलिस ऊना ने कहा कि वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन कर तेज आवाज़ पैदा करना कानून का उल्लंघन है और इससे आम लोगों को परेशानी होती है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध परिवर्तन न करवाएं और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
