हमीरपुर, अरविंद -:जिला हमीरपुर के नादौन थाना क्षेत्र के अंतर्गत कलूर इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब से भरे एक वाहन को पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन से 130 पेटी ओल्ड मोंक शराब बरामद कर कब्जे में ले ली है। मामले में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब से लदा एक वाहन निर्धारित मार्ग के बजाय दूसरे रास्ते से गुजर रहा है। सूचना के आधार पर नादौन पुलिस ने कलूर क्षेत्र में नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन के भीतर 130 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब को निर्धारित गंतव्य के बजाय अन्य स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने शराब और वाहन दोनों को जब्त कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था।पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि जिला पुलिस नशा और अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत नादौन पुलिस ने यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
