पांच मल्टी-एक्सल ट्रक जब्त, 20 ट्रैक्टरों के चालान; खनन माफिया में हड़कंप
नूरपुर, संजीव- : पुलिस जिला नूरपुर ने अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 24 घंटों में 25 वाहनों पर शिकंजा कसा है। पुलिस द्वारा माइनिंग एक्ट के तहत 20 ट्रैक्टरों के चालान किए गए, जबकि पांच मल्टी-एक्सल ट्रकों को जब्त कर आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष नाकाबंदी और औचक निरीक्षण अभियान के दौरान यह कार्रवाई अमल में लाई गई। थाना ज्वाली क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेजों और एक्स-फॉर्म के खनिज सामग्री का परिवहन करते पाए गए तीन मल्टी-एक्सल ट्रकों को इंपाउंड किया गया। इसके अलावा सात ट्रैक्टरों के खिलाफ भी माइनिंग एक्ट के तहत चालान किए गए।थाना डमटाल पुलिस ने एक मल्टी-एक्सल ट्रक और दो ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की। वहीं थाना नूरपुर में तीन, थाना फतेहपुर में दो तथा थाना इंदौरा क्षेत्र में दो ट्रैक्टरों और एक मल्टी-एक्सल ट्रक को अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर कार्रवाई के दायरे में लाया गया। थाना रेहन में भी एक ट्रैक्टर चालक के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में तीन अन्य ट्रैक्टरों पर भी कानूनी कार्रवाई की गई।एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस जिला नूरपुर में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अवैध खनन संबंधी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
