राहुल चावला , धर्मशाला | बरसात ने मंडी जिला में भारी कहर बरपाया है। कई लोग बेघर हो चुके हैं तथा कइयों ने अपनों को खो दिया है। आपदा प्रभावितों की मदद के लिए हाथ बढ़ रहे हैं। विभिन्न संस्थाएं व प्रतिनिधि अपने सामर्थय अनुसार आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री भेज रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को शाहपुर के राजोल से टेंट वाहन आपदा प्रभावितों के लिए भेजा गया। सत्यम सेवार्थ समिति की ओर से शनिवार को मंडी के आपदा प्रभावितों के लिए 30 टेंट भेजे गए। भाजपा नेता कमल शर्मा ने बताया कि आपदा प्रभावितों के लिए जिन चीजों की जरूरत है, उन्हें उपलब्ध करवाने हेतू निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में उन्हें टेंट उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया था, जिस पर शनिवार को अंबाला कैंट से मंगवाए गए टेंट भेजे गए हैं। मंडी में बहुत नुकसान हुआ है, जिनके घर क्षतिग्रस्त या ढह गए हैं, उनमें रहना खतरे से खाली नहीं है, इसके बावजूद लोग अपने घरों से दूर नहीं जाना चाहते, जिसके चलते उनकी सहायता के लिए यह टेंट भेजे गए हैं। कमल शर्मा ने बताया कि यह टेंट अंबाला कैंट से मंगवाए गए हैं, प्रत्येक टेंट में 7 से 8 लोग रह सकते हैं। यह टेंट लोगों को भारी बारिश और तूफान से बचाने में सक्षम हैं। इससे पहले भी भाजपा संगठन की ओर से राशन व अन्य जरूरी वस्तुएं मंडी आपदा प्रभावितों के लिए भेजी गई हैं।