शिमला | भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी डॉ. पवनेश कुमार को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग का नया सदस्य नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को राजभवन शिमला में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. पवनेश कुमार ने कहा कि वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता उनकी प्राथमिकता होगी, जिससे युवाओं का आयोग पर विश्वास और मजबूत हो।
डॉ. पवनेश कुमार एक अनुभवी और प्रशासकीय कुशलता वाले अधिकारी रहे हैं। अपने सेवाकाल में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां सफलतापूर्वक निभाई हैं। उनके अनुभव से लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाने की उम्मीद की जा रही है। इस अवसर पर राज्यपाल सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी और हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
