बिलासपुर, सुभाष -बिलासपुर नगर में 78.73 करोड़ रुपये की लागत से नई सीवरेज लाइन और आधुनिक व्यवस्था की स्थापना का काम शुरू हो गया है। इस परियोजना के तहत शहर के दो नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाए जाएंगे, जो आधुनिक तकनीक पर आधारित होंगे और लंबी अवधि तक शहरवासियों को लाभ पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर जिला परिषद सभागार में जल शक्ति विभाग द्वारा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अधिशाषी अभियंता राकेश कुमार वैद्य ने की। नगर परिषद अध्यक्ष कमल कुमार गौतम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।अधिशाषी अभियंता राकेश कुमार वैद्य ने बताया कि साठ के दशक में स्थापित बिलासपुर के सीवरेज नेटवर्क पर समय के साथ काफी दबाव बढ़ गया है, जिससे कई क्षेत्रों में समस्या उत्पन्न होती रही। उन्होंने कहा कि अब सरकार की मंजूरी के बाद इस व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य आरंभ हो गया है।
नगर परिषद अध्यक्ष कमल गौतम ने कहा कि यह योजना लंबे समय से प्रतीक्षित थी और अब इसे साकार होते देखना खुशी की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए सीवरेज सिस्टम से शहरवासियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और पुराने जल निकासी समस्याओं में कमी आएगी।शिविर में नागरिकों से सुझाव और आपत्तियां भी मांगी गईं। परियोजना में शामिल कंपनी के प्रतिनिधियों ने लोगों के सभी सवालों का सकारात्मक उत्तर दिया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए नागरिक विभाग से संपर्क किया जा सकता है।
