मंडी, धर्मवीर-: नगर निगम मंडी में पार्षद पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन बेहद धीमी शुरुआत देखने को मिली। पहले दिन केवल एक ही उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। यह नामांकन वार्ड नंबर 12 भगवाहन (अनारक्षित) से गगन (59), पुत्र बिहारी लाल, निवासी भगवाहन, मंडी द्वारा भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में भरा गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए वार्ड नंबर 1 से 13 के सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम मंडी सदर रुपिन्द्र कौर ने बताया कि पहले दिन अन्य किसी भी वार्ड से कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ। इसी तरह वार्ड नंबर 14 और 15 में भी कोई उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने नहीं पहुंचा। इन वार्डों के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने भी इसकी पुष्टि की।चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन दाखिल करने के लिए अभी दो और दिन निर्धारित किए गए हैं। उम्मीदवार 30 अप्रैल और 2 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं।नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 6 मई तक अपने नाम वापस ले सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में अन्य वार्डों से भी नामांकन दाखिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
