Mandi, Dharamveer (TSN)-नगर निगम मंडी की बैठक में वर्षों से सीवरेज कनेक्शन का इंतजार कर रहे लोगों की समस्या एक बार फिर प्रमुखता से सामने आई। निजी भूमि विवादों और नियमों की कमी के कारण निगम कार्रवाई करने में असमर्थ रहा है, लेकिन अब समाधान के लिए विशेष कमेटी गठित की गई है।
मंडी नगर निगम सभागार में मंगलवार को आयोजित बैठक में निगम के अधिकारी, पार्षद और जल शक्ति विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में मुख्य रूप से शहर में सीवरेज और पेयजल आपूर्ति की समस्याओं पर चर्चा हुई। इस दौरान उन शहरवासियों ने भी भाग लिया जो वर्षों से सीवरेज कनेक्शन के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। इन लोगों ने अपनी समस्या फिर से लिखित में अधिकारियों के समक्ष रखी।
नगर निगम के मेयर वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि निजी भूमि विवादों के चलते कई क्षेत्रों में सीवरेज लाइनें नहीं बिछाई जा सकीं। पुराने नगर परिषद एक्ट में जहां ऐसे मामलों में बिजली-पानी कनेक्शन काटने का प्रावधान था, वहीं वर्तमान निगम एक्ट में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। इसी कारण निगम कानूनी रूप से कार्रवाई करने में असमर्थ रहा है। हालांकि, इस समस्या के समाधान के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया गया है, जो भूमि विवादों को सुलझाने का प्रयास करेगी।
इसके साथ ही बैठक में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के समक्ष जगह-जगह चोक हो रहे सीवरेज टैंकों की नियमित सफाई का मुद्दा भी उठाया गया। मेयर ने बताया कि विभाग से इन टैंकों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
एक और अहम निर्णय में पंचवक्त्र मंदिर के समीप बने पुल को दोपहिया वाहनों के लिए खोलने की मंजूरी दी गई है। अब इस पुल से दोपहिया चालकों को आवागमन में राहत मिलेगी।
