मंडी : धर्मवीर – छोटीकाशी मंडी के राजघरानों से लेकर, कला व संस्कृति के ऐतिहासिक प्रमाण के साथ नई पीढ़ी के लिए अनबुझे तथ्यों को अपने दामन में समेटे हुए वीरवार को mandipedia.com वेबसाइट लांच की गई। इस वेबसाइट का शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय फल विज्ञानिक डॉ चिरंजीत परमार द्वारा किया गया। इस मौके पर ओल्ड स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष अनिल शर्मा भी विशेष रुप से उपस्थित रहे।
ऐतिहासिक नगरी छोटीकाशी मंडी की हिस्टोरिकल जानकारी
बता दें कि सेवानिवृत्त जिला न्याय वादी विनोद बहल और उनके साथी प्लांट जेनेटिसिस्ट डॉक्टर पवन वैद्य ने मंडी की कला, संस्कृति, संगीत साहित्य जीवन शैली और मंडयाली बोली के संरक्षण व संवर्धन के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म को चुना और अपनी वेबसाइट मंडी pedia.com बनाई। जिसे युवा आईटी विशेषज्ञ रजत कपूर ने थोड़े से समय में बहुत ही सुंदर ढंग से डिजाइन किया हुआ है। mandipedia.com वेबसाइट के निर्माण के पीछे अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक डॉक्टर चिरंजीत परमार की प्रेरणा भी रही है। हालांकि इस अवसर पर डॉ. पवन वैद्य अमेरिका में होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके। वेबसाइट के बारे में विनोद बहल ने बताया कि इस साइट को चार भागों में बांटा गया है। प्रथम अध्याय राजा और रियासत, दूसरे भाग में कला और संस्कृति, तीसरे में यहां के विशिष्ट व्यक्तित्व तथा अंतिम भाग में जीवन शैली के कंटेंट्स को रखा गया है। उन्होंने कहा कि दोनों दोस्तों का ड्रीम जब से मंडी नगर बसा है तब के मूल निवासियों, यहां के प्रसिद्ध घर, प्रौड़यों और चौकियों के बारे में डाटा इकट्ठा करना रहा है। जिनके बारे में मंडी हिस्ट्री में लिखा गया है। मंडी के राजा अजबर सेन ने 1527 ईस्वी में जब मंडी का नया शहर बसाया तो जो लोग यहां पर बाहर से आमंत्रित किया गए और जिन्होंने यहां का समाज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की, उनकी वंशावली को तैयार करना है। वेबसाइट पर जाकर पाठक स्वयं भी अपनी वंशावली को अपडेट कर सकेंगे। विनोद बहल ने कहा कि मंडी नगर पर शोध करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह साइट बहुत ही महत्वपूर्ण होगी और आज के युवाओं को अपने शहर और उसकी जड़ों से उनको परिचित कराएगी।
डॉ चिरंजीत परमार ने कहा कि इस तरह के ऐतिहासिक कार्य और क्रियाकलाप होते रहने चाहिए यह हर शहर के लिए महत्वपूर्ण निधि होती है। इस तरह की वेबसाइट शोध के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होती है और आने वाली पीढ़ियों को उस क्षेत्र के बारे में पूरी जानकारी मुहैया करवाती है। यह बहुत ही अच्छी बात है कि विनोद बहल के प्रयास से यह वेबसाइट अस्तित्व में आई है।
