मंडी ,धर्मवीर- मंडी शहर में ऑटो चालकों को सड़क सुरक्षा और चिट्टे जैसे नशे के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष बैठक आयोजित की गई। सिटी चौकी प्रभारी मदन कुमार ने यूनियन सदस्यों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और चिट्टे जैसे जानलेवा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान यूनियन द्वारा आम सभा के माध्यम से ऑटो चालकों की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई और डीसी मंडी से ऑटो किराया सूची में संशोधन की मांग उठाई। विश्वकर्मा मंदिर सभागार में आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में ऑटो चालक शामिल हुए। बैठक में सिटी चौकी प्रभारी मदन कुमार ने चालकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
वहीं उन्होंने चालकों से अपील की कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें और यदि कहीं नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन के महासचिव होशियार सिंह ने यूनियन की ओर से ऑटो रिक्शा ऑपरेटरों की समस्याएं भी प्रशासन के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के बाद ऑटो किराया सूची में कोई संशोधन नहीं किया गया है, जबकि डीजल, पेट्रोल और अन्य खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। यूनियन ने डीसी मंडी से किराया रेट लिस्ट बढ़ाने की मांग उठाई है। वहीं इस बैठक में चालकों ने रोजमर्रा के संचालन से जुड़ी अन्य समस्याएं भी यूनियन के समक्ष रखीं।
