बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – फलों के राजा आम पर बारिश, अंधड़, तूफान ने कहर बरपाया है। इस बारिश तूफान के चलते आम की फसल को लाखों का नुकसान हुआ है। करीब 14 लाख का नुकसान आम को पहुंचा है। हालांकि बारिश, तूफान के चलते अन्य फलों को भी नुकसान पहुंचा है। लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान फलों के राजा आम को ही पहुंचा है।
बागवानी विभाग की ओर से जहां इस बारिश, तुफान के चलते करीब 29 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। वहीं, केवल मात्र अकेले फलों के राजा आम को 14 लाख के नुकसान का अनुमान है। ऐसे में बागवानों की मेहनत पर इस बार पूरी तरह से पानी फिरता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि इस बार आम की फसल की बेहतर पैदावार की उम्मीद बागवानों को थी। लेकिन तूफान ने बागवानों की उम्मीद पर पूरी तरह से पानी फेर दिया है। बागवानी विभाग के अधिकारियों की मानें तो तूफान के चलते आम, अमरूद, लीची सहित अन्य फलों को भारी नुकसान पहुंचा है। अकेेले आम को ही 50 फीसदी नुकसान पहुंचा है। वहीं, इससे अब इस बार बागवानी विभाग की पैदावार का लक्ष्य भी पूरा होता नहीं दिख रहा है। बागवानी विभाग की ओर से इस साल 4700 मीट्रिक टन आम की पैदावार का लक्ष्य निर्धारित किया हुआ था। लेकिन बागवानी विभाग का अनुमान है कि इस बार 30000 मीट्रिक टन की पैदावार होगी। जिससे पैदावार का यह लक्ष्य पूरी तरह से लडख़ड़ाता नजर आ रहा है।
